उदयपुर मे बदमाशों ने स्कॉर्पियो से कुचलकर महिला को मार डाला
Udaipur Times, Crime News: उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र की कपिल विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम तीन गाड़ियों में सवार आरोपियों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने पहले कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों में पत्थर मारकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाई। इसी दौरान घर से बाहर निकली एक महिला को काली स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
घटना शुक्रवार शाम करीब 5:43 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान उर्मिला कुंवर (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पहले से चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उर्मिला कुंवर के बेटे का आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी एक काली स्कॉर्पियो और दो थार गाड़ियों में सवार होकर कपिल विहार पहुंचे थे।
आरोप है कि कॉलोनी में पहुंचने के बाद आरोपियों ने पहले सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में पत्थर मारकर तोड़फोड़ की। अचानक हुए हंगामे से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान उर्मिला कुंवर घर से बाहर आईं।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में काली स्कॉर्पियो महिला की ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। इसके बाद स्कॉर्पियो ने उर्मिला कुंवर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
प्रारंभिक जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही घटनाक्रम से जुड़े सभी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
