केवड़े की नाल में पैंथर के हमले में महिला की मौत

शहर के रिहायशी इलाके तिरुपति विहार में भी देखा गया पैंथर 

 | 

उदयपुर सलूम्बर हाइवे पर स्थित केवड़े की नाल की घटना

उदयपुर 16 अक्टूबर 2020 । शहर से 20-25 किमी दूर उदयपुर सलूम्बर हाइवे पर स्थित केवड़े की नाल में एक पैंथर ने महिला पर हमला कर दिया। घटना में महिला की मौत हो गई। वहीँ पैंथर महिला के शव को करीब आधा किमी तक घसीटते हुए जंगल में ले गया। इस इलाके में पैंथर अक्सर मवेशियों का शिकार करता रहता है, लेकिन आज उसने एक महिला को ही अपना शिकार बना लिया। वहीँ उदयपुर के रिहायशी इलाके तिरुपति विहार में भी आज पैंथर देखा गया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार उदयपुर-सलुंबर हाईवे पर केवड़े की नाल में पैंथर ने भंवरी बाई नाम की एक महिला पर हमला कर शव को करीब आधे किलोमीटर तक जंगल में घसीट कर ले गया। ग्रामीणों को महिला का शव क्षत विक्षित अवस्था में मिला। मृतक महिला के गले में पैंथर के हमले के गहरे घाव के निशान पाए गए। 

ग्रामीणों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गये। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर उदयपुर सलुंबर मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग के सामने चार लाख रुपये के मुआवजे, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और बच्चों को नि:शुल्क पढाई की व्यवस्था की मांग की है। 

तिरुपति विहार (रिहायशी इलाके) में भी देखा गया पैंथर 

उदयपुर शहर के साइफन क्षेत्र के तिरुपति विहार में भी आज सुबह एक पैंथर देखा गया। क्षेत्रवासियों ने बताया की एक पैंथर का जोड़ा आसपास की झाड़ियों में अक्सर देखा जाता है।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News