बड़गांव में खूनी विवाद, महिला की मौत और तीन लोग घायल

एमबी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

 | 
murder by stabbing

उदयपुर 01 अक्टूबर 2025 - बड़गांव थाना क्षेत्र के बांदीनाल मगरा बस्ती में मंगलवार देर रात हुए झगड़े में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार रात करीब 11.30 बजे सूचना मिली कि बस्ती में मारपीट हो रही है।मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल हिरा बाई (48) पत्नी बाबू कालबेलिया और उसके बेटे अर्जुन को एमबी जनरल अस्पताल उदयपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सिर में चोट लगने से हिरा बाई की मौत हो गई। अर्जुन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बुधवार को मृतका की बहू कंकू कालबेलिया (25) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि पड़ोसी बबलू और नारायण समेत तीन-चार लोग लट और पत्थर लेकर आए और सास हीरा बाई पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर ननद काली और देवर अर्जुन के साथ भी मारपीट की गई।

इसके बाद विशाल, आशीष और उनका बहनोई किशन मोंगिया भी मौके पर पहुंचे और झगड़े में शामिल हो गए। घटना में न केवल हिरा बाई की मौत हुई बल्कि अर्जुन, काली और रिया कालबेलिया भी घायल हुए।

थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि कंकू कालबेलिया की रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 212/2025 धारा 191 (2), 191 (3), 115 (2), 126 (2), 103 (1)/190 बीएनएस 2023 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया है। घायलों का मेडिकल मुआयना कराया गया और आगे की जांच जारी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News