सायरा क्षेत्र में महिला की हत्या का तीन घंटे में खुलासा
आरोपी डिटेन
उदयपुर 16 जून 2025। ज़िले के सायरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मात्र तीन घंटे में कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे डिटेन कर लिया है। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने दी।
घटना की सूचना 16 जून 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे सायरा थाना पुलिस को मिली थी। सूचना के अनुसार सरिया, चित्रावास गांव में एक महिला का शव उसके घर से कुछ दूर एक मगरी (चट्टान) पर पड़ा हुआ था। मौके पर थाना सायरा के थानाधिकारी किशोर सिंह और वृताधिकारी गिर्वा सूर्यवीर सिंह पहुंचे और शव का निरीक्षण किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सरिया चित्रावास निवासी सविता बाई (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो अपने ससुराल में बच्चों के साथ रहती थी। प्रार्थी मसरू गरासिया ने बताया कि सविता बाई रात को घर पर ही थी, लेकिन सुबह बेटी ने बताया कि वह घर में नहीं है। खोजबीन के दौरान उसका शव पास की मगरी पर पड़ा मिला, जिसके गले में साड़ी से बंधा फंदा और शरीर पर चोटों के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
थाना सायरा में इस संबंध में प्रकरण संख्या 166/2025 भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और सीओ गिर्वा सूर्यवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी व स्थानीय सूचना के आधार पर संदिग्ध परदाराम को वेलु का खेत रावछ से डिटेन किया। पूछताछ में आरोपी परदाराम ने महिला की हत्या करना स्वीकार कर लिया। फिलहाल पुलिस प्रकरण में गहन पूछताछ और आगे की जांच कर रही है।
