उदयपुर में महिला से पर्स लूट, घसीटने से हाथ टूटा
Udaipur Times, Crime News: 20 जुलाई 2026। उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक महिला से पर्स लूटने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान महिला स्कूटी से गिर गई और बदमाश पर्स के साथ उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए फरार हो गए। घटना में महिला का हाथ टूट गया, जबकि आंख, पसली और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना शनिवार रात करीब 10:20 बजे पुराने डिपो के पास बाबू श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने हुई। पीड़िता पुष्पा देवी (50) अपने पति पुष्करलाल शर्मा (60) के साथ स्कूटी से भटियानी चौहट्टा स्थित पिछोली से अपने घर सेक्टर-8 लक्ष्मीनगर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने अंधेरे का फायदा उठाकर महिला के कंधे से पर्स झपट लिया।
पर्स छीनते ही महिला स्कूटी से सड़क पर गिर गई और बदमाश पर्स के साथ उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए। दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए थे। महिला और उनके पति के शोर मचाने तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़िता के पर्स में एक मोबाइल फोन, चांदी की पायजेब, 10 हजार रुपये नकद और उनके बेटे का एटीएम कार्ड रखा हुआ था। वारदात के बाद आरोपी लूटे गए पर्स को हवा में लहराते हुए भाग निकले।
घायल महिला ने सूरजपोल थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बाइक सवार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
