तेज़ रफ़्तार बस की टक्कर में गई महिला गार्ड की जान

मृतका एमबी हॉस्पिटल में करती थी गार्ड की नौकरी 

 | 
Udaipur road accident at Balicha bypass where MB Hospital guard Mamta died after bus-bike collision

उदयपुर 3 सितंबर 2025।। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में बलीचा बाइपास पर 29 अगस्त की शाम हुए सड़क हादसे में घायल महिला ममता की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार निजी बस बाइक को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और महिला करीब 20 फीट दूर जा गिरे।

थानाधिकारी दिलीप सिंह झाला ने बताया कि मृतका ममता एमबी हॉस्पिटल में गार्ड की नौकरी करती थी। हादसे के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि घायल युवक मोहम्मद आसिफ का उपचार जारी है। पुलिस ने बस की जब्तगी सहित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

महिला की मौत की सूचना पर परिजनों ने एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर हंगामा किया। मृतका के भाई और कांस्टेबल राम प्रसाद ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी पुलिस ने समय पर बस जब्त नहीं की और एफआईआर दर्ज करने में देरी की। उन्होंने कहा कि मेरी बहन के दोनों बेटों को संविदा पर नौकरी दी जानी चाहिए।

पुलिस जांच में सामने आया कि ममता ने हॉस्पिटल ड्यूटी से फ्री होने के बाद कोर्ट चौराहा पर बाइक सवार युवक मोहम्मद आसिफ से लिफ्ट ली थी। दोनों गोवर्धन विलास होते हुए बलीचा जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

#UdaipurNews #RoadAccident #BalichaBypass #MBHospital

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News