बैंक में महिला ने ग्राहक के बैग को चीरा लगाकर 50 हजार रुपए उड़ाए
पूरी वारदात कैमरे में कैद
राजसमंद 7 अगस्त 2025। आवरा माता मंदिर के सामने स्थित केनरा बैंक में बुधवार दोपहर एक बजे एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। एक अज्ञात महिला ने बैंक में लाइन में खड़े एक ग्राहक के बैग में ब्लेड से चीरा लगाकर 50 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गई।
पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। महिला का चेहरा, कपड़े और हावभाव भी साफ तौर पर कैमरे में कैद हुए हैं, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को बड़ी मदद मिली है। प्रारंभिक जांच में महिला की पहचान काफी हद तक हो चुकी है और जानकारी मिली है कि वह नाथद्वारा की दिशा में भागी है।
घटना की जानकारी मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीम नाथद्वारा की तरफ रवाना हो गई है और बैंक के अन्य ग्राहकों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस प्रकार से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला शातिर चोर गिरोह से जुड़ी हो सकती है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की उम्मीद है।