कुराबड़ में महिला दर्जी को चाकू मारकर घायल किया

परिजनों ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है
 | 

उदयपुर 12 फ़रवरी 2026। ज़िले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सिलाई का काम कर रही एक तलाकशुदा महिला पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) चिकित्सालय में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुराबड़ थाना क्षेत्र के आजाद मोहल्ला निवासी तीन बच्चो की मान तलाकशुदा यास्मीन बानो, जो कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखती हैं, बुधवार शाम करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच अपने किराए के मकान में संचालित सिलाई की दुकान पर काम कर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और अपनी बहन के कपड़े होने की बात कहकर पूछताछ करने लगा। महिला द्वारा ऐसे किसी कपड़े से इनकार करने पर वह वहां से चला गया। 

बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद वही व्यक्ति दोबारा दुकान पर पहुंचा और अचानक चाकू निकालकर महिला पर हमला कर दिया। हमलावर ने महिला पर कई बार चाकू से वार किए, जिनमें गर्दन पर भी वार शामिल है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर दुकान के बाहर ही गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति ने महिला को बचाने या हमलावर को पकड़ने की कोशिश नहीं की। महिला काफी देर तक गंभीर हालत में दुकान के बाहर पड़ी रही। 

बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय, उदयपुर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

परिजनों के अनुसार आरोपी ने महिला पर करीब सात बार चाकू से हमला किया, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। एक उंगली कटने तथा फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला को ओ पॉजिटिव (O+) रक्त की आवश्यकता बताई जा रही है। 

परिजनों ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि महिला का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, ऐसे में हमले के पीछे की वजह की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस ने जल्द खुलासा करने की बात कही है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।