उदयपुर रोडवेज बस स्टैंड पर महिला का आधा तोले का मंगलसूत्र चोरी

 | 
Man injures female partner fatally death on the spot Crime in Udaipur

 

Udaipur Times, Crime News: उदयपुर शहर के उदियापोल स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर चित्तौड़गढ़ जाने के लिए बस में चढ़ रही एक महिला के गले से आधा तोले का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने बस और आसपास तलाश की, लेकिन मंगलसूत्र का कोई पता नहीं चल सका।

सूरजपोल थाना पुलिस के अनुसार, चित्तौड़गढ़ निवासी किशन सालवी, जो वर्तमान में उदयपुर की माली कॉलोनी में रह रहे हैं, ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पत्नी ललिता अपने बेटे के साथ चित्तौड़गढ़ जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हो रही थीं।

बस में चढ़ने के बाद जब महिला सीट पर बैठी तो उन्हें पता चला कि उनके गले से आधा तोले का सोने का मंगलसूत्र गायब है। महिला ने बस के अंदर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन मंगलसूत्र नहीं मिला।

मामले की जांच कर रहे एएसआई तेजसिंह ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के प्लेटफॉर्म और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

रक्षाबंधन पर्व के चलते रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे चित्तौड़गढ़ जाने वाली बस स्टैंड पर पहुंची। सीट पाने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में यात्री बस की ओर दौड़े और धक्का-मुक्की के बीच बस में चढ़ने लगे।

करीब 10 मिनट बाद बस रवाना हो गई। सीट पर बैठने के बाद महिला को अपने गले से मंगलसूत्र गायब मिला। घटना के बाद बस में भी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रोडवेज प्रबंधन की ओर से भी भीड़ के दौरान यात्रियों को जेबकतरों और चोरी की घटनाओं से सावधान रहने की लगातार अपील की जा रही थी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News