फतहपुरा चौराहे पर युवक पर चाकू से हमला

मामूली विवाद के बाद कार सवार युवकों ने दो दोस्तों से मारपीट की, एक गंभीर घायल; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

 | 
assault

उदयपुर 11 मई 2026 - मामूली बात को लेकर दो दोस्तों पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना शहर के फतहपुरा चौराहे की है, जहां देर रात कार सवार बदमाशों ने दो युवकों के साथ मारपीट कर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से जान बचाकर भाग निकला।

पुलिस के अनुसार अंकित नायक अपने दोस्त पीयूष साहू के साथ रात करीब 12 बजे फतहपुरा चौराहे पर गुटखा लेने गया था। इसी दौरान मामूली बात को लेकर कार सवार 5 से 7 युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दोनों दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पीयूष साहू बाइक लेकर मौके से निकल गया, जबकि अंकित भी भागने लगा।

आरोपियों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में अंकित के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपी युवक को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घायल अंकित नायक ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है और वह आरोपियों को नहीं जानता।

#Udaipur #UdaipurNews #UdaipurCrime #RajasthanNews #Fatehpura #CrimeNews #KnifeAttack #UdaipurPolice #BreakingNews #RajasthanCrime #LocalNews #UdaipurUpdates #MewarNews #UdaipurCity #UdaipurLocalNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News