राजसमंद में युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या, शहर में फैली सनसनी

 | 
Murder in rajsamand

 

Udaipur Times, Crime News:  राजसमंद शहर के कांकरोली थाना क्षेत्र में जलचक्की के पास सलूस रोड पर बुधवार रात एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर लाठी, लात और घूंसों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और शहर में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान सुरेश सिंह उर्फ सुरेंद्र सिंह निवासी गजसिंह की भागल, थाना चारभुजा के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को आरके जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका सामने आई है। पुलिस ने मामले में दिलशान और इलियास नाम के दो आरोपियों को डिटेन किया है। दोनों राजनगर और कांकरोली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद और झड़प हो चुकी थी। बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक पर लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।

फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News