दोस्त की पिस्टल से चली गोली से युवक की मौत पर परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिजनों ने सवाल उठाया कि अवैध हथियार साथ होने के बावजूद गोली "अनजाने में" कैसे चल सकती है।
 | 
“Udaipur youth shot dead with friend’s pistol; family accuses deliberate murder”

उदयपुर 17 नवंबर 2025 -शहर में एक युवक की उसके दोस्त की पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई। मृतक के परिवार ने इसे हत्या करार दिया है। पिता का कहना है कि बेटे के बचपन के दोस्त ने सोची–समझी साज़िश के तहत पीछे से गोली मारी। 

उनका कहना है कि अगर यह मज़ाक होता तो गोली सामने से चलती, लेकिन पीठ पर लगना स्पष्ट संकेत है कि आरोपी युवक जानबूझकर पिस्टल साथ लाया था। परिजनों ने सवाल उठाया कि अवैध हथियार साथ होने के बावजूद गोली "अनजाने में" कैसे चल सकती है।

पिता उदयसिंह ने आरोपी दोस्त के खिलाफ प्रतापनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। दूसरी ओर, मृतक के परिजन, रिश्तेदार और करणी सेना के कार्यकर्ता एमबी हॉस्पिटल मॉर्चरी में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

उन्होंने आरोपी को सख्त सज़ा और परिवार को उचित मुआवज़ा देने की मांग उठाई। प्रशासन और समाज प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद सहमति बनी और पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी लॉ छात्र जिगर जोशी को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार जिगर सिंघानिया लॉ कॉलेज से एलएलबी कर रहा है।फायरिंग के बाद जिगर और मृतक का मौसेरा भाई राजेंद्र घबरा गए थे। घायल युवक को दोनों निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया, जबकि फायर किए कारतूस का खोखा भी वहीं मिला। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News