युवक की धारदार हथियार से हत्या, तीसरे दिन भी परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

टाकरी घाटी के पास बदमाशों ने युवक पर किया जानलेवा हमला, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

 | 
Police investigating the murder of a youth near Takri Ghati in Sirohi district

उदयपुर 8 मई 2026 - जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में युवक की धारदार हथियार से हत्या के मामले में तीसरे दिन भी परिजनों ने शव नहीं उठाया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है। मृतक की पहचान पिंडवाड़ा निवासी मेवाराम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मेवाराम अपने दोस्तों के साथ पीपली खेड़ा गांव में दूध कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बुधवार देर शाम वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान टाकरी घाटी के पास दो बाइक पर सवार 4 से 5 बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया और धारदार हथियार से सीने पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी युवक का मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में मामला लूट की नीयत से हमला करने का सामने आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश के साथ विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक के भाई मालाराम ने बताया कि मेवाराम के तीन छोटे बच्चे हैं और उसकी पत्नी गर्भवती है। उन्होंने कहा कि बिना किसी कारण उनके भाई की निर्मम हत्या कर दी गई। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे।

#Sirohi #RajasthanNews #CrimeNews #BreakingNews #MurderCase #SharpWeaponAttack #PoliceInvestigation #Pindwara #Bekariya #RajasthanCrime #LatestNews #IndiaNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News