फिल्मी स्टाइल में हाथ में तलवार लेकर रील बनाना भारी पड़ा

पुलिस ने तलवार के साथ युवक को पकड़ लिया
 
 | 

उदयपुर 6 मई 2026। ज़िले में एक युवक को फिल्मी स्टाइल में हाथ में तलवार लेकर रील बनाना भारी पड़ गया। पुलिस ने तलवार के साथ युवक को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद युवक कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगता नजर आया। मामला झाड़ोल-बाघपुरा क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार झाड़ोल, फलासिया और बाघपुरा इलाके में इन दिनों युवाओं के बीच बाइक स्टंट और हथियारों के साथ रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसको देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस ऐसे युवाओं पर सख्त नजर रख रही है, जो आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।

थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि पकड़े गए युवक का नाम लोकेश है। वह रणघाटी क्षेत्र में हाथ में नंगी तलवार लेकर घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था ताकि इलाके में उसका खौफ बन सके। इस दौरान वह तलवार से स्टंट भी कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलवार को भी जब्त कर लिया गया है।

पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कोई अपराधी नहीं है, बल्कि केवल रील बनाने के लिए ऐसा कर रहा था। वह फिल्मी हीरो की तरह तलवार लहराते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना चाहता था ताकि लाइक्स और कमेंट्स मिल सकें। हालांकि उसकी यह कोशिश उस पर भारी पड़ गई और रील बनाने की चाह उसे थाने तक ले आई।

#UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurPolice #SocialMediaTrend #ReelStunt #YouthNews #Jhadol #Baghpura #CrimeNews #IndiaNews #ViralReels #PublicSafety #RajasthanPolice #UdaipurUpdates

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal