भुवाणा पहाड़ी पर संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव
उदयपुर 7 नवंबर 2025। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में भुवाणा स्थित रत्नागिरी पहाड़ी पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सनी नायक के रूप में हुई है।
मृतक के हाथ में चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सुखेर थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को एमबी हॉस्पिटल मोचरी में रखवाया गया।
मृतक की मौत कैसे और किन कारणों से हुई। इस संबंध में जांच की जा रही है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
आते-जाते लोगों ने शव देख पुलिस को दी सूचना
जानकारी अनुसार रत्नागिरी पहाड़ी पर मंदिर है। आते-जाते लोगों ने रास्ते में किनारे पर शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान करते हुए परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। पुलिस के अनुसार मृतक उमरड़ा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। वह घर से किसी काम से बाहर जाने की बात बोलकर निकला था।
फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए मामले की जांच में जुटी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
