बावलवाड़ा में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश के चलते बसंती लाल की हत्या, आरोपी गुजरात भागने की फिराक में थे

 | 
Udaipur police arrest four accused in Bawalwara murder case

उदयपुर 21 जनवरी 2026 - ज़िले के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार 15 जनवरी 2026 को परिवादी लक्ष्मणलाल पिता जीवाजी निवासी भीलवाड़ा ने थाना बावलवाड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका 23 वर्षीय पुत्र बसंती लाल 14 जनवरी 2026 को किसी काम से रैहटा गांव गया था। शाम करीब पांच बजे वह पैदल-पैदल अपने घर भीलवाड़ा लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया और धारदार हथियार चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में परिजन उसे उपचार के लिए खेड़वाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डूंगरपुर अस्पताल रेफर किया गया।

एंबुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में धारा 103(1), 115(2), 126(2) और 189(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेड़वाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी वृत ऋषभदेव राजीव राहड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी बावलवाड़ा गणपत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना एवं तकनीकी सहयोग से 19 जनवरी 2026 को चारों आरोपियों को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी गुजरात भागने की फिराक में थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया है।

मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में निकुंज उर्फ निकुल पिता बंशीलाल, लोकेश पिता लक्ष्मण, प्रकाश पिता लक्ष्मण और महेश पिता लक्ष्मण शामिल हैं, सभी निवासी भीलवाड़ा, थाना बावलवाड़ा, जिला उदयपुर।

#UdaipurNews #BawalwaraCrime #RajasthanNews #BasantiLalMurder #PoliceArrest #UdaipurPolice #RajasthanCrimeUpdate #UdaipurLatestNews #BawalwaraNews #RajasthanLawEnforcement

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News