अश्लेषा ने You Tube वीडियो से सेल्फ स्टडी कर 89.4% अंक हासिल किए

You Tube बना डिजिटल गुरु 
 | 
ashlesha chhatlani

उदयपुर 23 मई 2025। आज के डिजिटल युग में जहाँ इंटरनेट को अक्सर समय बर्बाद करने का साधन माना जाता है, वहीं अश्लेषा छतलानी ने इसे अपनी सफलता की सीढ़ी बना दिया। उदयपुर की इस मेधावी छात्रा ने यूट्यूब से सेल्फ स्टडी कर 12वीं वाणिज्य में 89.4% अंक अर्जित किए हैं।

अश्लेषा ने बताया कि सीमित संसाधनों और कुछ अन्य चुनौतियों के बीच उसने यूट्यूब को अपना गुरु बनाया। उसने हर विषय के लिए मुफ्त शैक्षिक वीडियो देखे, नोट्स बनाए, और रोज़ नियमित अभ्यास किया।

अश्लेषा ने कहा “मैंने सुबह 6 बजे से दिन में कम से कम 6 घंटे पढ़ाई की, यूट्यूब पर कई अच्छे शिक्षक मुफ्त में समझाते हैं। हर सवाल का हल मिलता है, बस मन लगाकर देखना होता है।”

अश्लेषा उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी के कारण हिम्मत हार बैठते हैं। यह उपलब्धि बताती है कि यदि लगन हो तो तकनीक भी शिक्षक बन सकती है, बस सही उपयोग करना आना चाहिए।