MLSU में इसी सत्र से शुरु होगा बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर

आर्किटेक्चर काउंसिल ऑफ इंडिया ने जारी की स्वीकृति


 
 | 
MLSU

बीआर्क शुरू करने वाला प्रदेश का पहला सरकारी संस्थान बना सुखाड़िया विश्वविद्यालय

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर पाठ्यक्रम इसी सत्र से शुरू होगा। आर्किटेक्चर काउंसिल ऑफ इंडिया ने गुरुवार को इस संबंध में स्वीकृति जारी कर दी है।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह ने बताया कि सुखाड़िया विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर पाठ्यक्रम की शुरुआत मील का पत्थर साबित होगी।

यह विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि का विषय है। आर्किटेक्चर काउंसिल ऑफ इंडिया से प्राप्त अनुमति के तहत इसी सत्र से यह पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। पहले चरण में कुल 40 सीटों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। कुलपति प्रो सिंह ने कहा कि वे अभी दिल्ली दौरे पर हैं और विवि में विभिन्न नए पाठ्यक्रमों के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसमें सेंटर फॉर रिहैबिलिटेशन डिसेबिलिटी लाने की भी पूरी कोशिश की जा रही है। कुलपति ने कहा कि सरकारी क्षेत्र का यह पहला विश्वविद्यालय है जहां प्रदेश में आर्किटेक्चर का अध्यापन करवाया जाएगा। यह आदिवासी अंचल के लिए बहुत गर्व का विषय है इससे इस संभाग के आदिवासी बच्चों को पूरा लाभ मिलेगा।

कुलपति प्रोफेसर सिंह ने आर्किटेक्चर काउंसिल ऑफ इंडिया को इस स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया है और कहा कि भविष्य में इस पाठ्यक्रम को और ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सीआर देवासी ने कहा कि बेचलर ऑफ आर्किटेक्चर की स्वीकृति विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हम सब लोग मिलकर यह प्रयास करेंगे विश्वविद्यालय में यह पाठ्यक्रम गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित हो और इसका लाभ अधिक लोगों तक पहुंचे। उल्लेखनीय है कि कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह के अथक प्रयासों के कारण हाल ही में विश्वविद्यालय में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग शुरू किया गया है जिसमें बीटेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों का अध्यापन करवाया जाएगा।

वित्त नियंत्रक दलपत सिंह राठौड़ ने कहा की कि यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के रोजगार एवं कैरियर की दृष्टि से बेहतर साबित होगा और विश्वविद्यालय के लिए इसे महत्वपूर्ण बनाने के लिए हर संभव प्रयास  किया जाएगा कोई आर्थिक संकट नहीं आने दिया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News