माय भारत पोर्टल पर बजट क्वेस्ट 2026 प्रश्नोत्तरी शुरू

उदयपुर के युवाओं को मिलेगा प्रधानमंत्री के समक्ष विचार साझा करने का अवसर
 | 
Budget Quest 2026

उदयपुर 4 फरवरी 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत पोर्टल पर युवाओं के लिए बजट क्वेस्ट 2026 क्विज की शुरुआत की गई है। इस पहल के अंतर्गत उदयपुर जिले के युवा बजट 2026 से संबंधित प्रश्नोत्तरी में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सहभागिता दर्ज करा सकेंगे।

प्रथम चरण में माय भारत पोर्टल पर 3 फरवरी से शुरू होने वाली बजट क्वेस्ट 2026 प्रश्नोत्तरी में युवाओं को 30 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। दूसरे चरण में चयनित युवाओं को बजट से जुड़े विषयों पर निबंध लेखन करना होगा। इसके बाद राज्य स्तरीय चरण में युवाओं को वित्तीय विषयों पर पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके उपरांत प्रत्येक राज्य से चयनित 40 युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा, जहां वे विकसित भारत से संबंधित अपने सुझाव एवं नवाचार प्रस्तुत कर सकेंगे।

माय भारत केंद्र उदयपुर के जिला युवा अधिकारी ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को बजट प्रक्रिया से जोड़ने एवं उन्हें राष्ट्रीय नीति निर्माण में सहभागिता का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बजट क्वेस्ट 2026 प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उदयपुर जिले के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रश्नोत्तरी में भाग लेने हेतु युवा माय भारत पोर्टल अथवा माय भारत मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।