उदयपुर में D.El.Ed प्रथम वर्ष की सैद्धांतिक परीक्षाएं 30 जून से

505 परीक्षार्थी होंगे शामिल
 | 
D El Ed Exam in Udaipur

 

Udaipur Times, Education News: 29 जून 2026। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) उदयपुर के तत्त्वावधान में डीएलएड (D.El.Ed) प्रथम वर्ष सत्र 2025-26 की सैद्धांतिक परीक्षा कल मंगलवार दिनांक 30 जून से प्रारंभ होंगी।

डाइट प्रधानाचार्य शीला काहाल्या के अनुसार शिक्षा विभागीय परीक्षाएं पंजीयक बीकानेर द्वारा आयोजित इस परीक्षा में डाइट सहित जिले के 8 अन्य निजी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के कुल 505 छात्राध्यापक इस परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा हेतु शहर में दो केंद्र स्थापित किए गए जहां ये परीक्षाएं आयोजित होगी जिनमें एक डाइट में होगा जहां 258 परीक्षार्थी भाग लेंगे जबकि दूसरा केंद्र महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय गोवर्धन विलास को निर्धारित किया गया है जहां 247 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा आयोजन के सफल संचालन हेतु संस्थान के सेवा पूर्व प्रभाग की प्रभागाध्यक्ष डॉ अंजली कोठारी के नेतृत्व में सुनील बिश्नोई एवं दर्जन सिंह सिसोदिया को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

काहाल्या ने बताया कि परीक्षा में अनुचित साधनों एवं नकल की रोकथाम के लिए आंतरिक उड़न दस्ता दल का गठन कर लिया गया है। वहीं प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें पुलिस थाने में रखा गया है। वरिष्ठ व्याख्याता आशुतोष तुली को डाइट परीक्षा केंद्र एवं सत्यप्रिय तथा गिरीश चौबीसा को  एमजीजीएस गोवर्धन विलास सेंटर पर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। साथ ही वीक्षकों की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए है।

सोमवार को डाइट में परीक्षा पूर्व तैयारी बैठक का आयोजन कर समस्त तैयारियों की समीक्षा की गई। इससे पहले डाइट टीम द्वारा गोवर्धन विलास परीक्षा केंद्र पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ये परीक्षाएं पंजीयक बीकानेर द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार 30 जून से 11 जुलाई को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित होंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News