नाथद्वारा, कुंभलगढ़ समेत कई क्षेत्रों में केंद्रीय व नवोदय विद्यालय खोलने की मांग
Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमन्द लोकसभा सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से शिष्टाचार भेंट कर राजसमन्द संसदीय क्षेत्र में शिक्षा अवसंरचना के विकास एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखे।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने आग्रह किया कि राजसमन्द संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से केंद्रीय विद्यालय स्थापित किए जाएँ, ताकि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप जिन विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक जवाहर नवोदय विद्यालय एवं सर्वोदय विद्यालय स्थापित नहीं हैं, वहाँ भी इन संस्थानों की स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
सांसद ने शिक्षा मंत्री को एक विस्तृत प्रस्ताव सौंपते हुए बताया कि वर्तमान में राजसमन्द लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई विधानसभा क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय एवं सर्वोदय विद्यालय उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने विशेष रूप से अवगत कराया कि नाथद्वारा एवं कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में न तो केंद्रीय विद्यालय, न ही नवोदय विद्यालय तथा न ही सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। इसी प्रकार मेड़ता एवं डेगाना में नवोदय एवं सर्वोदय विद्यालय, जबकि ब्यावर एवं जैतारण में केंद्रीय विद्यालय एवं सर्वोदय विद्यालय का अभाव है। उन्होंने इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
श्रीमती मेवाड़ ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती है। यदि विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तो उन्हें बेहतर अवसर प्राप्त होंगे तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का समान अवसर मिलेगा।
