GITS की पूर्व छात्रा डॉ निलाक्षी जैन राष्ट्रपति के हाथो सम्मानित

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथों मिला विशेष सम्मान

 | 
Neelakshi jain

उदयपुर 4 अक्टूबर 2025। गीतांजलि इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज (GITS), उदयपुर की 2008 बैच की कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग छात्रा डॉ. निलाक्षी जैन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजा गया।

वर्तमान में डॉ. निलाक्षी जैन मुंबई के शाह एंड एंकर कुच्छी इंजीनियरिंग कॉलेज में साइबर सुरक्षा विभाग की प्रमुख हैं। शिक्षण और शोध में उनके 17 वर्षों के अनुभव को देखते हुए यह सम्मान उनके अथक प्रयासों और योगदान का प्रतीक है।

संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एम. प्रसन्ना कुमार ने बताया कि डॉ. जैन को दिल्ली में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया, और इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं प्रेषित की।

डॉ. निलाक्षी जैन ने परिणाम-आधारित शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) को तकनीकी शिक्षा से जोड़ा है। उन्होंने साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में 9 पुस्तकें लिखी हैं, जो आईआईटी और एनआईटी जैसे संस्थानों में संदर्भ सामग्री के रूप में पढ़ाई जा रही हैं। इसके अलावा, उनके नाम पर 12 पेटेंट दर्ज हैं और उन्होंने 70 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हैकाथॉन, CTF प्रतियोगिताओं और स्टार्टअप्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. मयंक पटेल ने बताया कि डॉ. जैन ने आर्मी, नेवी, एनजीओ और इंडस्ट्री के साथ मिलकर साइबर अवेयरनेस प्रोजेक्ट्स, बूटकैम्प्स और ग्रामीण अभियानों का संचालन किया है। 5000 से अधिक लोगों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है।

वित्त नियंत्रक बी. एल. जागींड ने कहा, “डॉ. निलाक्षी जैन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा हैं। उनके प्रयासों से छात्र अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।”