शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने विभिन्न राजकीय विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का किया लोकार्पण

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर का उदयपुर दौरा
 | 
Madan dilawar

उदयपुर 31 मार्च 2026। प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर मंगलवार को उदयपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने बड़गांव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत वाटी, बड़गांव और बेदला में IIFL फाउंडेशन द्वारा निर्मित राजकीय विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों, कंप्यूटर लैब सहित अन्य सुविधाओं का लोकार्पण किया। 

इस अवसर पर वाटी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा कि संस्था ने बहुत अच्छा और गुणवत्तापूर्ण कार्य किया है, स्थानीय विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम भी सराहनीय रहा है। मंत्री दिलावर ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का मंच पर ही सम्मान किया।

उन्होंने बच्चों से कहा कि मेवाड़ की वीर भूमि के महापुरुषों से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और मानवीय मूल्यों से ओतप्रोत शिक्षा मिलें हमारा यह प्रयास है, इसके लिए हम शिक्षकों के क्षमतावर्धन हेतु समय-समय पर कार्यशालाएं और सेमिनार भी आयोजित कर रहे है। संस्कार केवल शिक्षा ग्रहण करने से नहीं आते बल्कि आसपास के वातावरण का इसमें अहम योगदान रहता है। गुरुजनों को यह ध्यान रखना पड़ेगा कि बच्चे हमारी प्रत्येक गतिविधि से सीखते है। इसी माध्यम से वे गुण-अवगुण प्राप्त करते है।

शिक्षा विभाग निरंतर अच्छे परिणाम के साथ ही सही दिशा में कार्य कर रहा है, आज प्रदेश शिक्षा में देशभर में चौदहवें से चौथे स्थान पर आ गया है। इसमें हमारे शिक्षकों अधिकारियों और बच्चों का बड़ा योगदान है। सभी गुरुजन अभिभावकों को अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलवाने हेतु प्रेरित करें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे यह हमने संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के परिसरों की साफ-सफाई पंचायतीराज विभाग के माध्यम से होगी। पेपर आउट की संभावनाएं भी समाप्त करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएं जा रहे है। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जर्जर विद्यालय भवनों को ध्वस्त कर नए भवन तैयार करने की कार्यवाही तेज़ी से की जा रही है। अब हमारे विद्यालय किसी भी स्तर पर निजी विद्यालयों से कम नहीं है।

उन्होंने समारोह में मौजूद विभाग के आला अधिकारियों से कहा कि डेपुटेशन पर अन्य कार्य मे लगे शिक्षकों को तत्काल शिक्षण कार्यों में लगाएं। पदोन्नति प्रक्रिया में भी तेजी लायी गयी है। तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भी शीघ्र पदोन्नतियां की जाएंगी। दिलावर ने कहा कि गांवों में नियमित साफ-सफाई के निर्देश भी जारी किए गए है। जहां आदेशों की पालना नहीं हो रही वहां के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही की गई है और आगे भी की जाएगी। सभी गांवों में आबादी क्षेत्रों में स्थापित मंदिरों को पट्टे जारी करेंगे, स्ट्रीट लाइटों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने पॉलीथिन का उपयोग न करने का आह्वान किया, साथ ही गौ माता के संरक्षण की बात कहीं। वहीं बेदला में आयोजित हुए कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने बेदला निवासी शहीदों शौर्य चक्र विजेता मेजर मुस्तफा एवं प्रकाश खटीक की माताओं का सम्मान कर उनका चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पूर्व उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली, समाजसेवी गजपाल सिंह, IIFL के निर्मल जैन, मधु जैन सहित शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News