एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा-6 के लिए प्रवेश परीक्षा 15 को

प्रवेश परीक्षा दोपहर 1 से 3 बजे के मध्य आयोजित होगी
 | 
Eklavya School

उदयपुर 13 फरवरी 2026। राजस्थान स्टेट एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल सोसायटी द्वारा संचालित प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की रिक्त सीटों पर प्रवेश परीक्षा 15 फरवरी (रविवार) को आयोजित की जाएगी।

सोसायटी के सदस्य सचिव एवं अतिरिक्त आयुक्त द्वितीय अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा दोपहर 1 से 3 बजे के मध्य आयोजित होगी। परीक्षा उसी एकलव्य विद्यालय पर होगी जिसे आवेदक ने आवेदन पत्र में अपनी प्रथम वरीयता के रूप में चुना है। 

सभी परीक्षार्थियों को आवंटित केंद्र पर सुबह  11.30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षार्थियों को अपने साथ आवेदन पत्र और एक फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा। 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि भरा गया आवेदन पत्र ही प्रवेश पत्र माना जाएगा। इसे जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। सोसायटी द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।