Udaipur Times, NEET UG Counselling: जयपुर के SMS मेडिकल कॉलेज में राजस्थान NEET UG Medical and Dental Counselling के दौरान कथित अनाधिकृत काउंसलिंग गतिविधियों को लेकर मेडिपीडिया ओवरसीज एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके संबंधित प्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। स्टेट नीट यूजी मेडिकल एवं डेंटल काउंसलिंग बोर्ड के अध्यक्ष की ओर से SMS अस्पताल थाने में दी गई शिकायत में मामले की FIR दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने काउंसलिंग स्थल और शैक्षणिक परिसर में प्रवेश कर विद्यार्थियों को निजी काउंसलिंग सेवाएं देने का प्रयास किया। प्रतिनिधियों ने अपनी सेवाओं का प्रचार करते हुए आधिकारिक सहायता से संबंधित होने का आभास दिया और संस्थान के साथ अपने संबंधों को लेकर ऐसी प्रस्तुति की, जो भ्रामक की श्रेणी में है।
इस तरह की गतिविधियों से अधिकारिक प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में भ्रम पैदा हो सकता है और उन्हें आर्थिक या अन्य परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बोर्ड ने इन गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और परिसर में उनकी गतिविधियों की जांच करने का अनुरोध किया है।
साथ ही कंपनी के सोशल मीडिया प्रचार से संबंधित सामग्री, तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए है। इन सामग्रियों में कॉलेज परिसर में कंपनी की गतिविधियों के प्रचार और नीट यूजी काउंसलिंग से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे शामिल हैं।
बोर्ड की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को दर्ज शिकायत के उपलब्ध दस्तावेज में कंपनी और उसके संबंधित प्रतिनिधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए अनुरोध किया था ।
विद्यार्थियों से अपील है कि नीट यूजी काउंसलिंग से संबंधित जानकारी के लिए विद्यार्थी अधिकृत काउंसलिंग बोर्ड और सरकारी संस्थानों के आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर भरोसा करें। किसी भी निजी एजेंसी की सेवाएं लेने से पहले उसकी अधिकृत स्थिति और दावों की पुष्टि अवश्य करें।