Udaipur Times, Education News: राजस्थान में विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (Foundational Literacy and Numeracy) की स्थिति जानने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी आकलन 19 एवं 20 नवंबर को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (RSCERT), उदयपुर के निर्देशन में तथा प्रदेश के 34 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के समन्वय से पीएम श्री योजना अंतर्गत चयनित विद्यालयों एवं उनके समकक्ष राजकीय विद्यालयों में यह आकलन आयोजित किया गया। आकलन में प्रदेश के 649 पीएम श्री विद्यालय एवं 649 समकक्ष राजकीय विद्यालयों सहित कुल 1,298 विद्यालयों को सम्मिलित किया गया। प्रत्येक विद्यालय में कक्षा 2, 3 एवं 5 के 10-10 विद्यार्थियों का आकलन किया गया। इस प्रकार प्रदेशभर में कुल उपस्थित 30425 विद्यार्थियों की भाषा (हिंदी एवं अंग्रेजी) तथा गणित संबंधी बुनियादी दक्षताओं का मूल्यांकन किया गया। इस व्यापक अभियान में 5,192 फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स ने सहभागिता निभाई। आकलन के लिए ओएमआर आधारित विभिन्न उपकरणों का उपयोग किया गया। विद्यार्थियों की आकलन पुस्तिका के साथ संस्था प्रधानों हेतु विद्यालय प्रश्नावली तथा भाषा एवं गणित के शिक्षकों हेतु शिक्षक प्रश्नावली के माध्यम से विद्यालयों में संचालित शैक्षिक गतिविधियों एवं शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी संकलित की गई। इस दौरान 1,298 विद्यालय प्रश्नावलियां तथा 2,596 शिक्षक प्रश्नावलियां भरी गईं। आकलन के साथ विद्यालयों का अवलोकन भी किया गया। इसमें कक्षाओं में शिक्षण-अधिगम सामग्री, एफएलएन सामग्री एवं गतिविधि आधारित अधिगम सामग्री की उपलब्धता, उपयोग तथा शिक्षण प्रक्रिया में इनके समावेशन की स्थिति दर्ज की गई। विद्यार्थियों का व्यक्तिगत आकलन प्रशिक्षित फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं आकलन रूब्रिक्स के अनुरूप किया गया। इस अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं के साथ विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों, शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही शिक्षण प्रक्रियाओं एवं शैक्षिक व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का भी विश्लेषण किया जाएगा। संकलित ओएमआर शीट एवं अन्य आंकड़ों का विश्लेषण आरएससीईआरटी उदयपुर द्वारा किया जाएगा। प्राप्त निष्कर्ष राज्य में एफएलएन की वर्तमान स्थिति को समझने, आवश्यक सुधारात्मक शिक्षण रणनीतियां विकसित करने तथा विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के लिए उपयोगी होंगे। यह राज्य स्तरीय आकलन श्वेता फगेड़िया निदेशक राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उदयपुर के निर्देशन में प्रभागाध्यक्ष बीना नाहर, प्रभारी कपिला कंठालिया एवं नीतू सालवी, असेसमेंट सेल प्रभारी कुलदीप सिंह गोदारा, नरेंद्र श्रीमाल, सुरेश बिजारणिया एवं टीम द्वारा सफलतापूर्वक पूरित किया गया।