FMGE 2026 के परिणाम घोषित, 22.87% रहा सफलता प्रतिशत

 | 
FMGE 2026 Result

 

Udaipur Times, Education News, FMGE 2026 Results: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने FMGE (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) अक्टूबर-2026 परीक्षा का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया।

परीक्षा में कुल 40923 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 9354 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत 22.87 प्रतिशत रहा।

करियर काउंसलर विकास छाजेड़ ने बताया कि यह परीक्षा पूर्व में वर्ष में दो बार आयोजित होती थी, लेकिन इस वर्ष से इसे वर्ष में तीन बार आयोजित करने की व्यवस्था प्रारंभ की गई है। 31 अक्टूबर को पहली बार अक्टूबर सत्र में इस परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 1190 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 30 अभ्यर्थियों के परिणाम फेस आईडी अथवा दस्तावेजों के सत्यापन संबंधी प्रक्रिया लंबित होने के कारण रोक दिए गए हैं।

परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए 300 में से न्यूनतम 150 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। वहीं, 5365 अभ्यर्थी का स्कोर 140 से 149 अंक के बीच था, जो कि निर्धारित उत्तीर्णांक से 10 या उससे कम अंक थे इस कारण वे सफल नहीं हो सके।

NBEMS ने तकनीकी रूप से गलत पाए गए प्रश्नों के लिए सभी उपस्थित अभ्यर्थियों को अंक प्रदान किए हैं। जिन प्रश्नों के दो सही उत्तर स्वीकार किए गए, उनमें किसी भी एक मान्य विकल्प को चुनने वाले अभ्यर्थियों को अंक दिए गए हैं।

विकास छाजेड़ ने बताया कि अभ्यर्थी अपने व्यक्तिगत स्कोर कार्ड 20 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड कर सकेंगे। स्कोर कार्ड जारी होने की तिथि से छह माह तक उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को FMGE पास प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत रूप से पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। केवल ऑनलाइन स्कोर कार्ड के आधार पर राज्य मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण नहीं करवाया जा सकेगा।

उल्लेखनीय है कि FMGE परीक्षा के माध्यम से विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भारत में डॉक्टर बनने की पात्रता प्रदान की जाती है। 

अभ्यर्थी परीक्षा का परिणाम एवं संबंधित सूचना एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर देख सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News