MPUAT के "एग्रीविजन-2026" का राज्यपाल बागड़े करेंगे उद्घाटन, कृषि नवाचार पर होगा मंथन

 | 
MPUAT

 

Udaipur Times, Education News: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT) उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभागार में 8 एवं 9 अगस्त, 2026 को दो दिवसीय उत्तर-पश्चिम क्षेत्रीय सम्मेलन "एग्रीविजन-2026" का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचार, अनुसंधान एवं उद्यमिता से जोड़ते हुए कृषि क्षेत्र में तकनीकी परिवर्तन को गति प्रदान करना है।

सम्मेलन का शुभारंभ 8 अगस्त प्रातः 10:00 बजे राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह करेंगे जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एस. बालकृष्ण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजन सचिव डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक कृषि से आगे बढ़ाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डिजिटल कृषि, प्रिसिजन फार्मिंग, कृषि मूल्य संवर्धन, एग्री-स्टार्टअप एवं कृषि उद्यमिता जैसे उभरते क्षेत्रों से जोड़ना है, ताकि कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ एवं तकनीक आधारित बनाया जा सके।

सम्मेलन में  प्रमुख विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े शोधार्थी, विद्यार्थी, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, नवाचारकर्ता एवं विशेषज्ञ अपने शोध पत्र एवं विचार प्रस्तुत करेंगे। यह मंच कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा उद्योग-अकादमिक समन्वय को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

सम्मेलन के मार्गदर्शक मंडल में राजस्थान के कृषि विश्वविद्यालयों बीकानेर, जोबनेर, कोटा एवं जोधपुर के कुलगुरु एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात विशेषज्ञ शामिल हैं।

यह सम्मेलन कृषि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं को भविष्य की स्मार्ट, टिकाऊ एवं तकनीक-आधारित कृषि से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह आयोजन कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में भी सार्थक योगदान देगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News