HPCL के सहयोग से राजस्थान के बालोतरा मे खुलेगा गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज
Udaipur Times, Education News: राजस्थान के बालोतरा के जानियाना क्षेत्र में HPCL के सहयोग से पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलने जा रहा है जिससे आसपास के युवाओं को बालोतरा रिफाइनरी कम कॉम्प्लेक्स में अब अधिक और अच्छे रोजगार अवसर मिल सकेंगे व क्षेत्र में समृद्धि का नया अध्याय शुरू होगा।
HPCL, बालोतरा के जानियाना में गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन निर्माण व आवश्यक उपकरण, फर्नीचर व अन्य संसाधनों की व्यवस्था के लिए सीएसआर फंड से राज्य सरकार को 22 करोड़ रूपये देगा।
गुरूवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा के सचिवालय स्थित चैम्बर में उनकी उपस्थिति में HPCL और राज्य सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस बाबत MoU पर साइन किये।
इस पॉलीटेक्निक कॉलेज में रिफाइनरी की आवश्यकता वाले रोजगारपरक कोर्सेस पर जोर दिया जाएगा। प्रथम वर्ष इंजीनियरिंग की पेट्रोलियम , मैकेनिकल और सिविल ब्रांच और कम्प्यूटर सांइस स्ट्रीम के कोर्स शुरू किए जाने हैं।
MoU साइन करने के मौके पर HPCL के मानव संसाधन निदेशक के. एस. शेट्टी, कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार मोहराना, मुख्य महाप्रबंधक मनीष टंडन, महाप्रबंधक पेंडर एन. बाबा और यशपाल अनेजा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने कहा युवाओं को बेहतर रोजगार देने और आगे बढ़ाने में यह पॉलीटेक्निक कॉलेज मददगार बनेगी।
