राजस्थान की कृषि छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 11वीं से पीएचडी तक ₹40 हजार तक की प्रोत्साहन राशि
Udaipur Times, Education News: 3 जुलाई 2026 । राज्य सरकार ने कृषि शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वर्ष 2026-27 के लिए राज किसान साथी पोर्टल पर कृषि विषय में अध्ययनरत छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कृषि आयुक्तालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पात्र छात्राएं 1 जुलाई 2026 से 31 जनवरी 2027 तक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी।
आयुक्तालय ने सभी जिला परिषदों के संयुक्त निदेशक (कृषि) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिले के कृषि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों को इस संबंध में व्यापक रूप से अवगत कराएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्राएं योजना का लाभ उठा सकें। संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि 31 जनवरी 2027 के बाद प्राप्त होने वाले ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही संस्था प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि आवेदन करते समय छात्राएं अपने अध्ययनरत वर्ष का सही अंकन करें, जिससे प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर और बिना किसी त्रुटि के किया जा सके।
मुख्य बिंदु
योजना: कृषि छात्राओं को प्रोत्साहन राशि कार्यक्रम (वर्ष 2026-27)
आवेदन माध्यम: राज किसान साथी पोर्टल
आवेदन अवधि: 1 जुलाई 2026 से 31 जनवरी 2027
लाभार्थी: कृषि विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्राएं
इतनी मिलेगी प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत 11वीं एवं 12वीं (कृषि) की छात्राओं को 15 हजार रुपये, बी.एससी. (कृषि) एवं एम.एससी. (कृषि) के छात्राओं को 25-25 हजार रुपये तथा पीएच.डी. (कृषि) के छात्राओं को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष दिए जाते हैं।
गत वर्ष राज्य में 35 हजार एवं उदयपुर में 1350 छात्राएं हुई लाभान्वित
सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि गत वर्ष इस योजना के तहत उदयपुर में लगभग 1350 छात्राओं को 3.5 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई थी। वहीं प्रदेश भर में करीब 35 हजार छात्राओं को 70 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई। इस वर्ष भी अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए कृषि विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों को व्यापक प्रचार-प्रसार एवं समयबद्ध आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
