ICAI का मेगा करियर काउंसलिंग 17 को

‘विदेशी कोर्सेज के भ्रम से बचें, अपने सपनों को दें सही दिशा’ विषय पर देश के ख्यातनाम चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विशेषज्ञ वक्ता देंगे विद्यार्थियों को करियर गाईडेंस
 
 | 

उदयपुर 16 अप्रैल 2026। भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (ICAI) की करियर काउंसलिंग समिति की ओर से शुक्रवार 17 अप्रैल को उदयपुर में एक भव्य मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन सुखाडिय़ा रंगमंच टाउनहॉल, उदयपुर में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा। यह कार्यक्रम राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

ICAI उदयपुर शाखा के चेयरमैन CA चिराग धर्मावत ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर के सही विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें विदेशी कोर्सेज के भ्रम एवं आकर्षण से बचाकर भारतीय प्रोफेशनल कोर्सेज, विशेष रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA), की ओर प्रेरित करना है। 

कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि इसमें ICAI की केंद्रीय परिषद के सदस्य एवं करियर काउंसलिंग समिति के चेयरमैन CA अर्पित काबरा (मुंबई) तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान IAS सीताराम जाट मुख्य रूप से विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को करियर चयन के व्यावहारिक एवं दूरदर्शी पहलुओं की गहन समझ प्राप्त होगी। कार्यक्रम में अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आयामों, उपलब्ध अवसरों एवं चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, इंटरैक्टिव सेशन्स के माध्यम से छात्रों के प्रश्नों का समाधान किया जाएगा, जिससे वे अपने भविष्य के लिए सही एवं सूचित निर्णय ले सकें।

ICAI का मानना है कि वर्तमान समय में कई विद्यार्थी सीमित जानकारी के आधार पर विदेशी कोर्सेज की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे समय एवं संसाधनों की अनावश्यक हानि हो सकती है। इस पहल के माध्यम से ICAI यह संदेश देना चाहता है कि भारत में ही विश्वस्तरीय प्रोफेशनल कोर्सेज उपलब्ध हैं, जो किफायती होने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं।

कार्यक्रम के दौरान चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) को एक प्रतिष्ठित, सुरक्षित एवं उज्ज्वल करियर विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जो न केवल वित्तीय विशेषज्ञता प्रदान करता है बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस मेगा कार्यक्रम में उदयपुर एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी अपेक्षित है। ICAI सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से इस कार्यक्रम में भाग लेकर अपने करियर को सही दिशा देने का आह्वान करता है।

ICAI उदयपुर शाखा के चेयरमैन CA चिराग धर्मावत ने कहा कि, "आज के प्रतिस्पर्धी परिवेश में विद्यार्थियों के सामने करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, किन्तु सही मार्गदर्शन के अभाव में वे अक्सर भ्रमित हो जाते हैं। ICAI का यह मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने की एक सशक्त पहल है। चार्टर्ड अकाउंटेंसी न केवल एक सम्मानजनक एवं सुरक्षित प्रोफेशन है, बल्कि यह राष्ट्र की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से आग्रह करते हैं कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इसका लाभ उठाएं।"

ICAI की करियर काउंसलिंग समिति देशभर में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी को सटीक मार्गदर्शन प्राप्त हो सके और वे आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।

#ICAI #CareerCounselling #UdaipurNews #RajasthanStudents #CACareer #EducationIndia #CareerGuidance #ICAIEvent #UdaipurEvents #StudentLife #ProfessionalCourses #StudyInIndia #RajasthanEducation #FutureCareers #CAStudents

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News