CA संस्थान उदयपुर एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम सम्पन्न
करियर काउंसलिंग कार्यक्रम 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
उदयपुर 18 अप्रेल 2026 । उदयपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की करियर काउंसलिंग कमेटी द्वारा, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सहयोग से तथा उदयपुर ब्रांच (CRIC व ICAI) की ओर से शुक्रवार को नगर निगम स्थित सुखाडिय़ा रंगमंच सभागार में ‘करियर उड़ान - एम्पावरिंग कॉमर्स फ्यूचर्स’ मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उदयपुर शाखा अध्यक्ष चिराग धर्मावत ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं ICAI गीत के साथ हुई। जिसके पश्चात उदयपुर ब्रांच के अध्यक्ष धर्मावत ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को कॉमर्स क्षेत्र में उपलब्ध असीम संभावनाओं के प्रति प्रेरित किया। इसके पश्चात दुर्गेश कुमार काबरा, सदस्य - करियर काउंसलिंग समिति एवं केंद्रीय परिषद सदस्य, ICAI एवं CA अर्पित काबरा अध्यक्ष करियर काउंसलिंग समिति एवं केंद्रीय परिषद सदस्य ICAI ने अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी को एक सशक्त एवं प्रतिष्ठित करियर विकल्प के रूप में अपनाने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
उपाध्यक्ष CA सौरभ गोलछा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, माध्यमिक शिक्षा निदेशक बीकानेर के IAS अधिकारी सीताराम जाट ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के मूल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही सफलता की पहली सीढ़ी है, जो व्यक्ति को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। बिना अनुशासन के कोई भी लक्ष्य प्राप्त करना कठिन हो जाता है। उन्होंने मेहनत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि निरंतर प्रयास और समर्पण से ही बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समय का सही प्रबंधन और सकारात्मक सोच व्यक्ति को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने में मदद करती है।
इसके उपरांत CA राहुल बडाला एवं CA यशवंत ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सत्रों में कॉमर्स करियर एवं CA कोर्स की संरचना, अवसरों, मिथक एवं वास्तविकता, तथा विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन CA राहुल माहेश्वरी एवं CA रोहिणी अवाचार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष CA कपिल जोशी, सिकासा अध्यक्ष CA धर्मेंद्र सिंह कोठारी एवं पूर्व सिकासा अध्यक्ष CA हितेश भदादा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं इसे अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक बनाया। अंत में उदयपुर ब्रांच की सचिव CA अरुणा गेलड़ा द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
#Udaipur #RajasthanNews #ICAI #CareerCounseling #CommerceStudents #CACareer #EducationNews #StudentSuccess #CareerGuidance #RBSE #UdaipurEvents #RajasthanEducation #YouthDevelopment #CareerUdaan #FutureReadyStudents
