बी.वॉक. बी कॉम ऑनर्स एवं बीबीए में प्रवेश हेतु 22 जून को संयुक्त प्रवेश परीक्षा
उदयपुर 8 मई 2026। इस वर्ष से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के त्रिवर्षीय बी वॉक (लेखांकन, कराधान एवं अंकेक्षण) प्रोग्राम तथा चार वर्षीय बी.कॉम ऑनर्स में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को त्रिवर्षीय बीबीए के साथ संयुक्त प्रवेश परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में सफल होने पर ही विद्यार्थियों को इस कोर्स में प्रवेश मिल सकेगा।
विश्वविद्यालय वाणिज्य एवं प्रबंध महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत ने बताया कि संयुंक्त प्रवेश परीक्षा २२ जून को आयोजित होगी। मेरिट सूची तैयार करने में बारहवीं कक्षा के अंकों का 50 प्रतिशत तथा एंट्रेंस टेस्ट का 50 प्रतिशत भारांक दिया जाएगा। प्रवेश हेतु विद्यार्थियों को पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
उन्होंने बताया कि बी वॉक (एटीए) प्रोग्राम रोजगारोन्मुख एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम है, जिसमें प्रैक्टिकल लेखांकन, प्रैक्टिकल अंकेक्षण, आयकर रिटर्न भरना, प्रैक्टिकल जीएसटी, एम.एस. एक्सेल, प्रैक्टिकल स्टॉक एक्सचेंज, प्रैक्टिकल सांख्यिकी आदि जैसे लगभग 60 प्रतिशत प्रायोगिक विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जबकि शेष 40 प्रतिशत पाठ्यक्रम सैद्धांतिक प्रकृति का है।
बी वॉक प्रोग्राम की संयोजक डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किए जाते हैं। साथ ही, एक्सटेंशन लेक्चर, टैली एवं जोहो जैसे लेखांकन सॉफ्टवेयर, इंटरव्यू स्किल तथा कम्युनिकेशन स्किल से संबंधित कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किया जाता है। छठे सेमेस्टर में विद्यार्थियों को इंटर्नशिप हेतु भेजा जाता है, जहां वे अर्जित ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग कर आवश्यक कौशल विकसित करते हैं, जो उन्हें रोजगार के लिए अधिक उपयुक्त बनाता है।
बीबीए प्रोग्राम के संयोजक डॉ. शैलेंद्र सिंह राव ने बताया कि विद्यार्थियों की कक्षाओं में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु समय-समय पर अभिभावकों को भी सूचित किया जाता है।ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 है। प्रवेश परीक्षा में चार सेक्शन होंगे प्रथम सामान्य ज्ञान, द्वितीय करंट अफेयर्स, तृतीय जनरल इंग्लिश तथा चतुर्थ सेक्शन गणित का होगा और प्रत्येक सेक्शन से 25 प्रश्न आयेंगे।
#MLSU #Udaipur #BBAAdmission #BComHonours #BVoc #MLSUAdmission2026 #EntranceExam #UdaipurNews #CollegeAdmission #EducationNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
