Udaipur Times, Education News: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल पर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अंतिम तिथि की घोषणा हो गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में लंबित आवेदनों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित विद्यार्थियों एवं संस्थान की जिम्मेदारी होगी।
सत्र 2024-25 के विद्यार्थियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 सितम्बर 2026 तथा सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जयपुर ग्रामीण के उपनिदेशक गौरव शर्मा ने बताया कि बायोमेट्रिक के कारण जिन विद्यार्थियों के आवेदन शिक्षण संस्थान स्तर पर लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि से पूर्व बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करवाएं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके। निर्धारित तिथि के पश्चात बायोमेट्रिक के कारण लंबित आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जयपुर ग्रामीण में सत्र 2025-26 के लगभग 13,500 से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन शिक्षण संस्थान स्तर पर लंबित हैं। इनमें अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के आवेदन शामिल हैं। लंबित आवेदनों के कारण संबंधित विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में शैक्षणिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के शिक्षण संस्थान स्तर पर लंबित आवेदनों को 15 सितम्बर 2026 तक जिला कार्यालय में अग्रेषित करवाने का आग्रह किया गया है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को उपलब्ध बजट एवं समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।