उदयपुर मे 'स्टार्टअप सीखो' पहल, 200 से अधिक जनजातीय युवाओं ने सीखे उद्यमिता के गुर
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर मे जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) उदयपुर के इन्क्यूबेशन सेंटर ने जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से दक्षिणी राजस्थान के जनजातीय युवाओं को उद्यमिता से परिचित कराने के लिए अनूठी पहल 'स्टार्टअप सीखो' आयोजित की। 21 नवंबर को आईआईएम उदयपुर और 22 नवंबर को गुरु गोबिंद जनजातीय विद्यालय बांसवाड़ा में आयोजित इस पहल में 200 से अधिक जनजातीय युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सिरोही, आबू रोड, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, झाड़ोल, फलासिया, बांसवाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थी शामिल हुए।
बांसवाड़ा में कार्यक्रम गुरु गोबिंद जनजातीय विद्यालय में आयोजित किया गया। सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में तीन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं व्यवसाय शुरू करने की शुरुआती प्रक्रिया से परिचित कराया। कार्यक्रम की शुरुआत वार्म अप एवं आइस-ब्रेकर गतिविधियों से हुई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आपस में जुड़ने, टीम बनाने और सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने समूहों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किसी समस्या की पहचान करने, उसका समाधान तलाशने, बिजनेस आइडिया विकसित करने, उसकी व्यवहार्यता समझने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की प्रक्रिया सीखी। पूरे कार्यक्रम को खेलों एवं टीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से रोचक और व्यावहारिक बनाया गया, जिससे विद्यार्थियों को उद्यमिता की बुनियादी समझ अनुभव के जरिए मिली।
कार्यक्रम के दौरान करीब 30 टीमों ने अपने बिजनेस आइडिया प्रशिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागी टीमों के सामने प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त करना सीखा, बल्कि दूसरों के विचारों को समझने, प्रतिक्रिया लेने और अपने आइडिया को बेहतर बनाने का अवसर भी पाया। कुछ संभावनाशील बिजनेस आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए फंडिंग सहायता भी प्रदान की गई।
'स्टार्टअप सीखो' पहल का उद्देश्य जनजातीय युवाओं में उद्यमशील सोच विकसित करना, उन्हें व्यवसाय एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना और यह विश्वास जगाना था कि एक साधारण विचार भी सही दिशा, प्रयास और मार्गदर्शन से व्यवसाय का रूप ले सकता है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर स्वयं उद्यम स्थापित करने और अपने समुदाय में नए अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया गया।