ABVP के विरोध के बाद MG कॉलेज के प्रिंसिपल को APO किया गया
उदयपुर 7 फ़रवरी 2026। शहर के एमजी कॉलेज में तीन दिन पहले ABVP कार्यकर्ताओं के हंगामे और प्रिंसिपल द्वारा कथित टिप्पणीबाजी के मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के आयुक्त ओपी बैरवा ने आदेश जारी कर कॉलेज प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी को APO करते हुए मुख्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
हंगामे के दौरान प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी और छात्राओं के बीच आमने-सामने तीखी बहस हुई थी। परीक्षा परिणाम में अनियमितता और स्कूटी वितरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल को उनके चैंबर में ही बंद कर दिया था। छात्राओं का आरोप है कि अपनी मांगें रखने पर प्रिंसिपल ने उनके साथ आपत्तिजनक और गलत भाषा का प्रयोग किया।
वहीं इस पूरे मामले पर प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी का कहना है कि यह प्रदर्शन सोची-समझी रणनीति के तहत कराया गया। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि छात्राओं से इस तरह की कोई भाषा प्रयोग नहीं की गई। विभाग के आदेशों की पालना करने की बात भी उन्होंने कही है।
ABVP कार्यकर्ता सुमन कुंवर ने बताया कि जब वे शांतिपूर्वक अपनी मांगों को लेकर प्रिंसिपल से बात करने गए, तब उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीए फर्स्ट, बीए फोर्थ और बीएससी सेकंड सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में धांधली की गई है। साथ ही मेधावी छात्राओं के लिए आई स्कूटियां तीन साल बाद भी वितरित नहीं की गईं। बीएससी में जियोलॉजी, बॉटनी और केमिस्ट्री विषयों में बड़ी संख्या में छात्राओं को फेल किया गया और बाद में रिविल के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। छात्राओं का कहना है कि प्रिंसिपल का व्यवहार उनके प्रति बेहद खराब रहा है।