ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में प्रवासी राजस्थानी बनेंगे सहभागी
Udaipur Times, Rajasthan News: राजस्थान फाउंडेशन, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (DoRA) द्वारा राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित “Rajasthan Foundation Knowledge Series – Episode 05” में राजस्थान फाउंडेशन, कुवैत चैप्टर के अध्यक्ष डाया लाल कुम्हार ने वर्चुअल रूप से भाग लिया।
इस विशेष Knowledge Series में “ज्ञान संकल्प पोर्टल” के माध्यम से राजस्थान के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा समाज एवं प्रवासी राजस्थानियों के सहयोग के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।
डाया लाल कुम्हार ने कहा कि आज की इस Knowledge Series के माध्यम से यह जानने और समझने का अवसर मिला कि ज्ञान संकल्प पोर्टल किस प्रकार समाज, दानदाताओं और प्रवासी राजस्थानियों को राजस्थान के सरकारी विद्यालयों के विकास से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
ज्ञान संकल्प पोर्टल पर विद्यालयों को गोद लेने, स्वयं का प्रोजेक्ट बनाने, विभागीय परियोजनाओं में सहयोग करने तथा अपनी पसंद के किसी राजकीय विद्यालय को सहयोग देने जैसे विभिन्न विकल्प उपलब्ध हैं।
कुम्हार ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी विदेश में रहते हुए भी अपनी मातृभूमि के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विशेष रूप से जन्मदिन, विवाह वर्षगाँठ अथवा किसी विशेष उपलब्धि के अवसर पर अपने गाँव या शहर के राजकीय विद्यालय में कंप्यूटर, डिजिटल बोर्ड, स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, पुस्तकालय, शौचालय, कक्षा-कक्ष अथवा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए सहयोग करना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान होगा।
उन्होंने प्रवासी समाज से अपील करते हुए कहा कि “हम प्रवासी राजस्थानियों को भी राजस्थान के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अपनी खुशियों को अपने गाँव के बच्चों की खुशी और उनके उज्ज्वल भविष्य से जोड़ना हम सभी के लिए गर्व और संतोष का विषय होगा।”
राजस्थान फाउंडेशन, कुवैत चैप्टर की ओर से ऐसे प्रवासी राजस्थानियों को प्रोत्साहित किया जाएगा जो अपने गाँव अथवा शहर के राजकीय विद्यालय के विकास के लिए समाजोपयोगी कार्य करेंगे। उनके योगदान को चैप्टर के कार्यक्रमों में सम्मानित करने तथा जिला स्तर पर सम्मान हेतु प्रयास किया जाएगा।