geetanjali-udaipurtimes

कॉमर्स कॉलेज के प्रैक्टिकल कोर्सेज पर एकेडमिक रिव्यू मीटिंग का सफल आयोजन

प्रैक्टिकल कोर्स प्रारम्भ करने में राजस्थान में सुखाड़िया विश्वविद्यालय अग्रणी-कुलपति प्रो. सारस्वत
 | 

उदयपुर 2 दिसंबर 2025। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में वाणिज्य महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में बी.कॉम. कार्यक्रम अंतर्गत संचालित विभिन्न प्रैक्टिकल कोर्सेज जो नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप लागू किए गए पर एकेडमिक रिव्यू मीटिंग का सफल आयोजन किया गया। इस बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के शिक्षकगण सहभागी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसे वाणिज्य संकाय अध्यक्ष एवं IQAC निदेशक प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि प्रैक्टिकल कोर्सेज प्रारम्भ करने का प्रयास उन्होंने वर्ष 2016–17 में ही शुरू कर दिया था। आज महाविद्यालय में न केवल टैली, एमएस एक्सेल, ERP अकाउंटिंग, SAP अकाउंटिंग, बल्कि प्रैक्टिकल स्टॉक एक्सचेंज ट्रांजैक्शन, डिजिटल मार्केटिंग और बिजनेस कम्युनिकेशन जैसे अनेक प्रयोगात्मक कोर्स प्रभावी रूप से पढ़ाए जा रहे हैं। इन कोर्सेज ने विद्यार्थियों के कौशल-विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसरों को भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया है।

बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल कोर्सेज आज समय की आवश्यकता हैं और सुखाड़िया विश्वविद्यालय द्वारा इस क्षेत्र में किए गए नवाचार सराहनीय हैं। उन्होंने घोषणा की कि इस मॉडल को वे अपने कोटा विश्वविद्यालय में भी लागू करेंगे। कुलपति ने कहा कि “सालों पुराने नोट्स अब कक्षाओं में नहीं चलेंगे; अब आवश्यकता इस बात की है कि हर शिक्षक विद्यार्थियों को कौशल आधारित एवं रोजगार उन्मुख शिक्षा प्रदान करें।” उन्होंने वाणिज्य विषय में प्रथम बार प्रयोगात्मक कोर्सेज आरंभ करने के लिए संकाय को बधाई भी दी।

उद्घाटन सत्र के अंत में धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय की सह-अधिष्ठाता डॉ. शिल्पा वर्डिया ने दिया। इसके पश्चात लेखांकन एवं व्यावसायिक सांख्यिकी विभाग की सहायक आचार्य एवं एनईपी नोडल अधिकारी डॉ. शिल्पा लोढ़ा ने वर्तमान प्रैक्टिकल कोर्सेज की स्थिति पर एक प्रभावी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।

इसके बाद आयोजित पैनल डिस्कशन में शहर के ख्यातनाम चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए कमल खुर्दिया, सीए अरुण पितलिया, सीए हितेश कुदाल और विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश बारबर शामिल हुए। सिरोही, शिवगंज, चित्तौड़गढ़ तथा उदयपुर के संबद्ध महाविद्यालयों से उपस्थित प्राध्यापकों ने अपने-अपने अनुभव तथा समस्याएँ साझा कीं। चर्चाओं का संचालन सीए हेमंत कदूनिया ने किया, जिन्होंने विभिन्न बिंदुओं को पैनल के समक्ष रखा। पैनलिस्टों ने सभी प्रश्नों पर सारगर्भित समाधान प्रस्तुत किए तथा प्रैक्टिकल कोर्सेज की शिक्षण एवं परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर अपने सुझाव दिए।

पैनल चर्चा के अंत में धन्यवाद ज्ञापन व्यवसाय प्रशासन विभाग के इंचार्ज हेड डॉ. देवेंद्र श्रीमाली ने दिया। कार्यक्रम में बैंकिंग एवं व्यवसायिक अर्थशास्त्र विभाग के इंचार्ज हेड डॉ. शैलेन्द्र सिंह राव, सहायक आचार्य डॉ. आशा शर्मा, डॉ. रेनू शर्मा, डॉ. पारूल दशोरा तथा डॉ. पुष्पराज मीना आदि उपस्थित रहे।

#MLSU #UdaipurNews #RajasthanEducation #CommerceCollege #NEP2020 #BComCourses #SkillBasedEducation #UdaipurUpdates #RajasthanUniversities #MLSUUdaipur #EducationNews #UdaipurLocal