MLSU में बड़ी चूक, LLB के छात्रों को M.Com का प्रश्न पत्र थमाया

पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी लापरवाही है
 | 

उदयपुर 28 मार्च 2026। मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार को लॉ कॉलेज में LLB फर्स्ट ईयर के छात्रों को ‘कॉन्ट्रैक्ट’ विषय का पेपर देना था, लेकिन उन्हें गलती से M.Com थर्ड सेमेस्टर (Business Administration) का प्रश्नपत्र दे दिया गया। इस बड़ी चूक के बाद परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई और छात्रों ने विरोध जताया।

घटना सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे की पारी में सामने आई। छात्र अपनी तैयारी के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। लिफाफे पर ‘कॉन्ट्रैक्ट’ लिखा था, लेकिन अंदर M.Com का पेपर निकला। आधे से अधिक छात्रों को गलत प्रश्नपत्र मिला, जबकि M.Com की परीक्षा कुछ दिन बाद होनी थी। छात्रों की शिकायत के बाद स्थिति बिगड़ गई।

कॉलेज प्रशासन ने गलती का एहसास होने पर तुरंत M.Com के पेपर वापस लिए और LLB के सही प्रश्नपत्र की फोटोकॉपी कराकर छात्रों को वितरित किए। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 20 मिनट की देरी हुई, जिसके बाद परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई। देरी की भरपाई के लिए छात्रों को अतिरिक्त समय भी दिया गया।

पिछले 10 दिनों में यह दूसरी बड़ी लापरवाही है। इससे पहले 23 मार्च को BA थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में भी गलत पेपर दे दिया गया था, जबकि 18 मार्च को एक परीक्षा में प्रिंटिंग इतनी खराब थी कि छात्र प्रश्न पढ़ नहीं पा रहे थे। 

परीक्षा नियंत्रक मुकेश बारबर ने कहा कि इस मामले में संबंधित प्रिंटिंग फर्म को नोटिस जारी किया जा रहा है और भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

#MLSU #UdaipurNews #RajasthanNews #ExamError #UniversityNews #LLBStudents #EducationCrisis #UdaipurUpdates #RajasthanEducation #StudentProtest #ABVP #IndiaNews