रावतभाटा कृषि महाविद्यालय के छात्रों ने फंड के आभाव में फ्रेशर डे मनाया
उदयपुर की महाराना प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से जुड़े इस महाविद्यालय के छात्रों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया
रावतभाटा, 01 फरवरी | महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर (MPUAT) से संबद्ध कृषि महाविद्यालय, रावतभाटा में द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत हेतु पहली बार एक भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। यह आयोजन जूनियर विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने, उनका उत्साहवर्धन करने तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक वातावरण से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया और उन्हें एक यादगार अनुभव प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि कृषि महाविद्यालय, रावतभाटा वर्तमान में स्वतंत्र महाविद्यालय भवन एवं विश्वविद्यालयीय आयोजन फंड के अभाव में संचालित हो रहा है। इसके बावजूद द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग, एकजुटता एवं समर्पण का परिचय देते हुए स्वयं आपस में आर्थिक सहयोग (चंदा) एकत्र कर इस भव्य आयोजन को सफल बनाया। इस सराहनीय प्रयास में महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का पूर्ण मार्गदर्शन किया तथा अपनी ओर से यथासंभव व्यक्तिगत सहयोग एवं आर्थिक सहायता प्रदान कर छात्रों का मनोबल बढ़ाया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की माननीय प्राचार्य प्रेरणा सक्सेना, महाविद्यालय प्रशासन से पंकज शर्मा एवं समस्त कृषि संकाय के स्टाफ का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के इस सकारात्मक, अनुशासित एवं रचनात्मक प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की गई तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही गई।

कृषि महाविद्यालयों में फ्रेशर्स कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत कर उनका मनोबल बढ़ाने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर से संबद्ध कृषि महाविद्यालय, रावतभाटा में द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा पहली बार सफलतापूर्वक निभाया गया, जो महाविद्यालय के इतिहास में एक प्रेरणादायक पहल मानी जा रही है।
इस आयोजन में द्वितीय वर्ष के छात्र रोशन जाट, नारायण जाट, युवराज, देव सिंह, जिगर चौधरी, विकाश सुखवाल, वैदेही सारस्वत, सिमरन कटारिया, अनीता सुवालका, आशा सैनी सहित सभी द्वितीय वर्ष के कृषि विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों की टीम भावना, अनुशासन एवं समर्पण के कारण यह आयोजन पूर्णतः सफल रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा इस पहल की सराहना की गई। साथ ही महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर से यह विनम्र अनुरोध किया गया कि विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में फ्रेशर्स पार्टी एवं फेयरवेल जैसे आयोजनों के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर विशेष फंड उपलब्ध कराया जाए, ताकि छात्रों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
