RNT मेडिकल कॉलेज में नए प्रिंसिपल ने संभाला पदभार
कॉलेज के विकास को दी प्राथमिकता
उदयपुर 14 मार्च 2026। रविन्द्र नाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज में नए प्रिंसिपल ने पदभार संभालते ही कॉलेज के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कैंपस में जगह की कमी को दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे और इसके लिए पास स्थित पशु चिकित्सालय की जमीन को कॉलेज के लिए उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।
उदयपुर के RNT मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को डॉ. राहुल जैन ने नए प्रिंसिपल के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उनके चैंबर में पूर्व प्रिंसिपल डॉ. विपिन माथुर ने उन्हें औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कराया। इससे पहले डॉ. राहुल जैन ने मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान RNT मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों, रेजिडेंट डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में डॉ. राहुल जैन ने कहा कि उनका पहला उद्देश्य अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महाराणा भूपाल अस्पताल, जनाना चिकित्सालय और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आने वाले मरीजों को कम से कम समय में इलाज मिल सके, इसके लिए सभी को साथ लेकर काम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दक्षिण राजस्थान के जनजातीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए उदयपुर आते हैं। ऐसे में कोशिश रहेगी कि मरीजों को अस्पताल में भटकना न पड़े और उन्हें यहीं बेहतर इलाज मिल सके, ताकि उन्हें निजी अस्पतालों में जाने की आवश्यकता न पड़े।
डॉ. राहुल जैन ने अस्पताल में पार्किंग और जगह की कमी को भी एक बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग कर विभागों का पुनर्व्यवस्थापन किया जाएगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अधिक सुविधा मिल सके।
साथ ही उन्होंने शहर के सैटेलाइट अस्पतालों को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि यदि सैटेलाइट अस्पतालों में डॉक्टर और सुविधाएं बढ़ाई जाएं तो सामान्य बीमारियों के मरीजों को बड़े अस्पतालों में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आरएनटी मेडिकल कॉलेज पर भी दबाव कम होगा।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #RNTMedicalCollege #DrRahulJain #HealthcareRajasthan #MedicalCollegeNews #UdaipurHospitals #SouthRajasthan #RNTHospital #UdaipurHealthcare #RajasthanMedical