NTA ने NEET 2026 परीक्षा रद्द कर दी

पेपर लीक होने की आशंका के चलते लिया गया है फैसला 
 | 

नई दिल्ली 12 मई 2026। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने 3 मई 2026 को हुई NEET 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह फैसला पेपर लीक होने की आशंका के चलते लिया गया है। परीक्षा की नई तारीख जल्‍द जारी की जाएंगी।

NTA ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगा। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार छात्रों को दोबारा परीक्षा के लिए रजिस्‍ट्रेशन नहीं करना होगा। पिछले परीक्षा केन्द्रो में भी कोई बदलाव नहीं होगा। पुनः परीक्षा के लिए नए प्रवेश पत्र (Admit card) भी जारी किए जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा में शामिल छात्रों की फीस भी वापिस की जाएगी।

8 मई 2026 को ही इस मामले से जुड़ी कुछ जांचों को केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया था, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।  अब, जांच एजेंसियों से मिली जानकारी और सरकार की मंजूरी के बाद, NTA ने फैसला लिया है कि 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) परीक्षा को रद्द किया जाता है और इसे दोबारा कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 3 मई को देशभर में NEET UG 2026 की परीक्षा हुई थी। इसमें आशंका जताई गई कि परीक्षा का पर्चा पहले ही लीक हो गया था। राजस्‍थान में कई अभ्यर्थियों के पास हाथ से लिखा हुआ गैस पेपर मिला था जिसके सवाल असल परीक्षा से मैच हो रहे हैं। 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG ने इंटेल इनपुट पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया था।

जांच में सामने आया है कि परीक्षा के 720 में से 600 नंबर के सवाल दो दिन पहले ही सीकर में छात्रों के पास पहुंच गए थे। ये गेस पेपर केरल के एक कॉलेज से MBBS कर रहे स्टूडेंट ने 1 मई को सीकर में अपने एक दोस्त को भेज दिया था।

SOG अभी मामले की जांच कर रही है। एजेंसी मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। सभी संदिग्धों की सोशल मीडिया चैट और कॉल लॉग्स खंगाले जा रहे हैं। दरअसल, ये एक गेस पेपर की तरह लोगों तक पहुंचा है और SOG अभी जांच कर रही है कि इसे पेपर लीक माना जाए या नहीं।

स्टूडेंट्स तक जो ‘क्वेश्चन बैंक’ पहुंचा है, उसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल हैं। ये सभी हाथ से लिखे गए हैं और इनकी हैंडराइटिंग भी एक ही है। इसमें से 150 सवाल हूबहू NEET UG 2026 के पेपर में आए। हालाँकि किसी विशेष गेस पेपर से परीक्षा में कुछ सवाल हूबहू आने की संभावना रहती है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में प्रश्न आने की संभावना शक के दायरे में है।

2024 में भी हुआ था पेपर लीक

2024 में भी NEET UG परीक्षा पेपर लीक के चलते कुछ सेंटर्स पर रद्द कर दी गई थी। परीक्षा 5 मई 2024 को हुई थी। 6 मई को NTA ने पेपर लीक की बात से इनकार किया था। इसके बाद बिहार (पटना) और झारखंड (हजारीबाग) में जांच हुई। जांच में पेपर लीक के सबूत मिले और कई गिरफ्तारियां भी हुईं थीं।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था और कुछ सेंटर पर 1539 कैंडिडेट्स की दोबारा परीक्षा हुई थी। पेपर लीक के आरोपों के अलावा, 67 छात्रों को 720/720 अंक मिलना और एक ही केंद्र से कई टॉपर्स का आना भी बड़े विवाद का कारण बना था।

Source: Media Reports

#NEET2026 #NEETUG2026 #NTA #NEETExam #PaperLeak #NEETCancelled #CBIInquiry #MedicalEntranceExam #NEETReExam #EducationNews #RajasthanSOG #ExamUpdate #BreakingNews #IndiaNews #NEETLatestNews