CA फाउंडेशन मे परी विजयवर्गीय ने उदयपुर मे किया टॉप

 | 
CA VijayVargiya

 

Udaipur Times, Udaipur News:  इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ओर से सितंबर 2026 में आयोजित सीए फाउंडेशन परीक्षा के परिणाम में उदयपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया है।

ICAI उदयपुर के चेयरमैन CA चिराग धर्मावत ने बताया कि उदयपुर केंद्र का परीक्षा परिणाम 29.57 प्रतिशत रहा, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तीर्ण विद्यार्थियों का औसत 18.93 प्रतिशत रहा। इस तरह उदयपुर ने राष्ट्रीय औसत से 10.64 प्रतिशत अधिक सफलता हासिल कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया।

उदयपुर केंद्र से कुल 470 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 139 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से शहर के CA शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थी समुदाय में उत्साह का माहौल है। परिणाम ने एक बार फिर साबित किया है कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक पाठ्यक्रम में उदयपुर के विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

परी विजयवर्गीय ने किया शहर में टॉप

परिणाम में परी विजयवर्गीय ने उदयपुर शहर में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं दिव्यांशु वैरागी ने द्वितीय और मनन गेमावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विद्यार्थियों की सफलता पर CA जगत एवं उनके परिजनों में खुशी की लहर है।

विद्यार्थियों की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम : धर्मावत

आईसीएआई उदयपुर के चेयरमैन CA चिराग धर्मावत ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उदयपुर केंद्र का राष्ट्रीय औसत से बेहतर परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। यह उपलब्धि उदयपुर की शैक्षणिक गुणवत्ता और युवाओं में चार्टर्ड अकाउंटेंसी के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ICAI उदयपुर विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रतिष्ठित व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता दिलाने के लिए उचित अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए आगे बढऩे का संदेश दिया।

इस अवसर पर ICAI उदयपुर की मैनेजिंग कमेटी के वाइस चेयरमैन CA सौरभ गोलछा, सचिव CA अरुणा गेलड़ा, कोषाध्यक्ष CA कपिल जोशी, सिकासा चेयरमैन CA धर्मेंद्र सिंह कोठारी तथा मैनेजिंग कमेटी सदस्य CA राहुल माहेश्वरी एवं CA अंशुल कटेजा ने भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News