PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, जाने कब होगी परीक्षा ?

 | 
PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, जाने कब होगी परीक्षा ?

Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ओढ़ा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सिरसा जिले के किसी भी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन करने के पात्र हैं। 

इसके अतिरिक्त, यदि कोई विद्यार्थी सिरसा जिले का निवासी है, लेकिन सिरसा से सटे किसी अन्य जिले के विद्यालय में अध्ययन कर रहा है तथा उसके घर से विद्यालय की दूरी 10 किलोमीटर के भीतर है, तो वह भी सिरसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकता है। इस संबंध में घर से विद्यालय की दूरी का प्रमाण संबंधित विद्यालय के संस्था प्रधान द्वारा प्रमाणित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना अनिवार्य है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपना संबंधित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा 28 नवंबर को सिरसा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन भरने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है, तो वह किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9 से सायं 4 बजे तक पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ओढ़ा पहुंचकर निःशुल्क आवेदन भरवा सकता है। अधिक जानकारी के लिए 97281-81413 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News