उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए नवीन पोर्टल शुरू

विद्यार्थी 31 तक कर सकेंगे आवदेन

 | 
scholarship

उदयपुर 12 जुलाई 2022 । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रक्रिया में शैक्षणिक सत्र 2022-23 से किए गए परिवर्तन योजना में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए विद्यार्थियों के आवेदन हेतु नवीन पोर्टल प्रारंभ कर दिया गया है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक मान्धाता सिंह ने बताया कि विद्यार्थी 31 जुलाई तक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए छात्र-छात्रा मोबाइल नम्बर व ई-मेल आईडी स्वयं की ही दे।

उन्होंने बताया कि आवेदकों को आवेदन पत्र ऑनलाइन करते समय वांछित दस्तावेज व सूचनाएं तैयार रखना जरूरी होगा। सभी दस्तावेज जनाधार, राज ई वोल्ट, डीजी लॉकर से ऑनलाइन ही लिये जाएंगे जैसे- आय का विवरण, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, गत वर्ष की अंक तालिकाएं आदि। वांछित दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होने पर मूल दस्तावेज को रंगीन स्कैन कर पोर्टल पर यथास्थान अपलोड करना होगा। 

अनुसूचित जाति, अनुसूूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व आर्थिक पिछड़ा वर्ग उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति में विद्यार्थी के परिवार की समस्त स्त्रोेतों से कुल वार्षिक आय सीमा ढाई लाख रुपए रखी गई है। ओबीसी व ईबीसी छात्रवृति में समस्त राजकीय शिक्षण संस्थानों के साथ ही अनुदानित एवं मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति देय होगी।

उपनिदेशक ने बताया कि डॉ. अम्बेडकर आर्थिक पिछडा वर्ग, अन्य पिछडा वर्ग,एवं डॉ. अम्बेडकर विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु में विभिन्न 17 श्रेणियों वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। जिनमे बीपीएल, अंत्योदय व स्टेट बीपीएल कार्डधारी के पुत्र-पुत्री, अनाथ बालक-बालिका, विधवा व तलाकशुदा, स्वयं व इनके पुत्र-पुत्री, विशेष योग्यजन व योग्यजन के पुत्र-पुत्री शामिल है। इस श्रेणी के तहत गत परीक्षा मे न्यूनतम 60 प्रतिशत प्राप्तांक वाले आवेदक को प्राथमिकता दी जाएगी। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News