Udaipur Times, उदयपुर के गोवर्धन विलास स्थित महात्मा गाँधी राजकीय विद्यालय मे 60वें अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का जिला स्तरीय आयोजन का शुभारंभ साक्षरता रैली के साथ हुआ। रैली की जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) दीपक गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साक्षरता रैली में विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने नारों एवं तख्तियों के माध्यम से आमजन को शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूक किया। रैली विद्यालय परिसर से विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची, जहां रैली समारोह में परिवर्तित हो गई।
इस अवसर पर गत दिवस विद्यालय में आयोजित मेहंदी, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों तथा ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्लॉक समन्वयकों को सम्मान एवं पारितोषिक वितरण समारोह का भी आयोजन हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य दिग्विजय सिंह राठौर रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी महिपाल सिंह राठौर ने की। इस अवसर पर सभी विजेता विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यालय जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा चंद्रवीर सिंह चौहान को विभाग को दीर्घकालीन सेवाओं एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में महिपाल सिंह राठौर ने साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। उन्होंने शिक्षा एवं साक्षरता को व्यक्ति, परिवार एवं समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने तथा समाज में साक्षरता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
संचालन अध्यापक नरेश कुमार मादावत ने किया। जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा कार्यालय से गगन वशिष्ठ, प्रमोद पालीवाल एवं प्रदीप सहित विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।