उदयपुर सोलर वैधशाला मे विशेष आउटरीच कार्यक्रम

 | 
Udaipur Solar Observatory

 

Udaipur Times, National Space Day: उदयपुर सोलर वैधशाला (Udaipur Solar Observatory) ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विशेष विज्ञान आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान, सौर गतिविधियों तथा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के प्रति जिज्ञासा और रुचि को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में शहर के 10 विद्यालयों के 50 से अधिक विद्यार्थियों तथा 11 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें सौर तूफानों से अंतरिक्ष अन्वेषण तकविषय पर विशेष प्रस्तुति, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर सत्र तथा पुरस्कार वितरण समारोह प्रमुख रहे।

कार्यक्रम के दौरान सौर वेधशाला के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को सूर्य पर होने वाली विभिन्न गतिविधियों, सौर तूफानों तथा उनके पृथ्वी और अंतरिक्ष में प्रभावों के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि सौर गतिविधियों का पृथ्वी के संचार, उपग्रहों, नेविगेशन प्रणालियों तथा अंतरिक्ष अभियानों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वेधशाला की विभिन्न वैज्ञानिक एवं प्रेक्षण सुविधाओं से भी परिचित कराया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि वेधशाला सूर्य के निरंतर अध्ययन तथा सौर गतिविधियों और अंतरिक्ष मौसम को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उदयपुर सौर वेधशाला के वैज्ञानिकों के साथ संवाद किया और सूर्य एवं अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे।

सौर वैज्ञानिक एवं दूरदर्शी डॉ. अरविंद भटनागर द्वारा स्थापित उदयपुर सौर वेधशाला इस वर्ष अपनी स्वर्ण जयंती मना रही है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वेधशाला की वैज्ञानिक यात्रा और भारतीय सौर भौतिकी में इसके योगदान से भी परिचित कराया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम, रयान इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने द्वितीय तथा सेंट मैथ्यूज मिशन स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और पोस्टर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और उत्साह को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News