MLSU की मेज़बानी में होगा राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 का राज्य स्तरीय आयोजन

MLSU की मेज़बानी में होगा राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 का राज्य स्तरीय आयोजन

युवा उत्साही मस्तिष्क में नए दृष्टिकोणों तथा अद्वितीय विचारों के नियोजन से पर्यावरण सरंक्षण की अपार संभावनाएं - प्रो अमेरिका सिंह

 
mlsu

12 जनवरी से 23 जनवरी के मध्य तीन चरण में आयोजित होगा

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर (राजस्थान), की मेज़बानी में राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 (NEYP-2022) का राज्य स्तरीय आयोजन दिनांक 12 जनवरी से 23 जनवरी के मध्य तीन चरण में आयोजित होने जा रहा है।

सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अमेरिका सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 का राज्य स्तरीय कार्यक्रम की मेज़बानी कर सुखाड़िया  विश्वविद्यालय गौरवान्वित है। हमारी प्रकृति तथा पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूकता पैदा करना प्रत्येक विश्वविद्यालय तथा विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों की नैतिक ज़िम्मेदारी है। हमारा देश कई पर्यावरणीय खतरों का सामना कर रहा है जिन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर संबोधित करने की आवश्यकता है।  लगातार बढ़ती पर्यावरणीय चिंताओं को हल करने के लिए हमें युवाओं से आशा है। युवा उत्साही मस्तिष्क विभिन्न प्रकार के नए दृष्टिकोणों, अद्वितीय विचारों को नियोजित कर सकते हैं और नए आयामों के साथ पर्यावरण संबंधी चिंताओं की वकालत कर सकते हैं। राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 युवाओं को न केवल पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण के बारे में अपने विचारों और विचारों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा बल्कि उन्हें पर्यावरण से संबंधित गंभीर चिंताओं से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित भी करेगा।

राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 के रीजनल नोडल ऑफ़िसर डॉ देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया की इस राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2022 का विषय पर्यावरण चेतना- पर्यावरण और सतत विकास है। यह आयोजन तीन अलग-अलग स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय स्तर  (प्रथम स्तर) 12 से 20 जनवरी के मध्य  राजस्थान के प्रत्येक विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक विश्वविद्यालय के संघटक एवं सम्बद्धत्ता प्राप्त महाविद्यालयों के मध्य प्रतियोगिता द्वारा सर्वश्रेष्ठ 10 छात्रों की टीम का चयन होगा जो कि  द्वितीय  स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगी।

राज्य स्तर (द्वितीय स्तर) 23 जनवरी, 2022 को  मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर द्वारा आयोजित किया जाएगा। द्वितीय स्तर  पर राजस्थान के समस्त विश्वविद्यालयों से भाग लेने वाली 10 सदस्यों की टीमों के मध्य प्रतियोगिता होगी  एवं सम्पूर्ण राजस्थान से सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों का चयन तृतीय स्तर के लिए होगा जो कि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नेतृत्व करेंगे ।

राष्ट्रीय स्तर (तृतीय स्तर) 27 फरवरी को संसद भवन, नई दिल्ली (भारत) में आयोजित किया जाएगा । जहाँ सम्पूर्ण भारत के समस्त केंद्रीय एवं राज्य  स्तरीय विश्वविद्यालयो, आईआईटी, एनआइटी  से चुने सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों के दल मिलकर पर्यावरण युवा संसद का निर्माण करेंगे एवं  प्रधानमंत्री, स्पीकर, मंत्री, पक्ष, विपक्ष की भूमिका में पर्यावरण से जुड़े पहलुओ पर संसद की  कार्यवाही को आहूत करेंगे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal