कुंभलगढ़ के मजेरा स्कूल में शिक्षकों के तबादलों से भड़के छात्र
Udaipur Times, Education News: 18 जुलाई 2026। राजसमंद ज़िले के कुंभलगढ़ उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मजेरा में शिक्षकों के स्थानांतरण के बाद छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शनिवार को विद्यार्थियों ने कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठकर प्रदर्शन किया। Education News
छात्रों का कहना है कि विद्यालय से अंग्रेजी, विज्ञान, संस्कृत सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक स्थानांतरित कर दिए गए हैं। वहीं सेकंड ग्रेड के तीन शिक्षक और एक व्याख्याता के तबादले के बाद विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। छात्रों के अनुसार अंग्रेजी के शिक्षक लक्ष्मण जी का भी स्थानांतरण कर दिया गया है, जिससे पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा। Education News
विद्यार्थियों ने बताया कि 12वीं तक संचालित इस विद्यालय में अब केवल आठ शिक्षक ही शेष रह गए हैं। ऐसे में पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से कराना संभव नहीं है। छात्रों का कहना है कि गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों के शिक्षक ही नहीं रहेंगे तो उनकी पढ़ाई और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कैसे होगी। Education News
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने स्थानांतरित शिक्षकों को यथास्थान बनाए रखने तथा विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और तबादला नीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का भी कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थियों की शिक्षा गंभीर रूप से प्रभावित होगी। Education News
