उदयपुर में JET, Pre-PG और PhD प्रवेश परीक्षा 2026 का सफल आयोजन
Udaipur Times, Education News: 27 जून 2026। राज्य के कृषि, उद्यानिकी, वानिकी, मत्स्यिकी, गृह विज्ञान तथा डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालयों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विद्यावाचस्पति पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित राज्य स्तरीय ET, Pre-PG और PhD प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन शनिवार, 27 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:10 बजे तक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
JET परीक्षा के शहर समन्वयक एवं राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर के अधिष्ठाता प्रो. मनोज कुमार महला ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 6,528 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,166 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 94.45 प्रतिशत दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि उदयपुर स्थित सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से की गईं। परीक्षा संचालन के लिए महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के विभिन्न संघटक महाविद्यालयों तथा राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों सहित कुल 16 परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए। इन केन्द्रों पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. प्रताप सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामान्य एवं विशेष अधिकार प्राप्त उड़नदस्तों का गठन किया गया था। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी कराई गई। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन के उपयोग तथा जूते पहनकर प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राम हरि मीणा ने बताया कि परीक्षा के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण संचालन में सभी समन्वयकों, औचक निरीक्षण दलों, केन्द्राधीक्षकों, सह-केन्द्राधीक्षकों, वीक्षकों तथा विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि परीक्षा सभी केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
